समाचार भारत राहुल राय संवाददाता
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर नहर के पास 12 सितंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय प्रदीप की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार रात उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रदीप मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के मड़हा गांव का रहने वाला था और सेंट्रिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि 12 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह बाइक से इटौरा गांव जा रहा था। धर्मसीपुर नहर के पास खुरहट की ओर से आ रही अर्टिगा कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। कार का नंबर UP 32 QT 6662 बताया गया है।
हादसे में प्रदीप के सिर, बाएं पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रदीप छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और दो वर्ष है। परिजनों के अनुसार उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। पति की अचानक मौत से पत्नी और दोनों मासूम बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मड़हा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
