विशेष संवाददाता




जखनिया/दुल्लहपुर (गाजीपुर)
सड़क हादसों पर लगाम कसने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए गाजीपुर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। एसपी डॉ. ईरज राजा के सख्त निर्देशों के तहत भुड़कुड़ा सीओ रामकृष्ण तिवारी और दुल्लहपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार की अगुवाई में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 11 पर जोरदार चेकिंग की गई। दुल्लहपुर बाजार में सालों बाद हुई इस बड़ी कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रिपल सवारी और बिना कागजात के फर्राटा भर रहे 11 बाइकों को मौके पर ही सीज कर दिया। सख्त रुख के साथ ही सीओ रामकृष्ण तिवारी ने मानवीय संवेदना भी दिखाई। उन्होंने बच्चों को दुलारा और परिवार के साथ जा रहे चालकों को हेलमेट पहनने व यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
नारी सशक्तिकरण और जखनिया में भी कार्रवाई
मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने चालकों के साथ मौजूद महिलाओं से भी संवाद किया और अपील की कि वे अपने घर के पुरुषों को बिना हेलमेट व बिना कागजात गाड़ी न चलाने दें।
दुल्लहपुर के बाद टीम ने जखनिया बाजार का रुख किया। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पांडे की उपस्थिति में सीओ ने बाजार में पैदल गश्त कर दुकानदारों व आमजन से सुरक्षा संवाद किया। इस दौरान नियम तोड़ने वाली 7 और बाइकों को सीज किया गया तथा 3 का चालान काटा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल रहा।
