संवाददाता रामविलास यादव
गाजीपुर: दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छपरी गांव के पास शहीद वीर अब्दुल हमीद मार्ग पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार और बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला पहिया टायर सहित रिम से नीचे उतरकर सड़क पर ही बैठ गया।
पेड़ की छांव में बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। चिलचिलाती और तगड़ी धूप को देखते हुए मानवता की मिसाल पेश करते हुए लोगों ने तुरंत घायल युवक को सड़क से उठाकर एक पेड़ की छांव में लिटाया और फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही दुल्लहपुर थाने के उपनिरीक्षक इंद्रदेव सिंह अपनी टीम और डायल 112 पुलिस वाहन के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त जर्जर बाइक और अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
पहचान की कोशिशें जारी
देर शाम तक पुलिस घायल युवक की पहचान कराने का प्रयास करती रही, लेकिन उसका नाम और पता नहीं चल सका है। फिलहाल अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
