संवाददाता सुजीत सिंह
जखनियां (गाजीपुर): देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 18 जून 2026 को गाजीपुर जिला मुख्यालय पर एक भव्य बौद्धिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोडवेज बस स्टेशन के समीप स्थित अग्रवाल पैलेस में पूर्वाह्न 10:00 बजे से शुरू होगा।
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण कुमार सिंह होंगे मुख्य वक्ता
आयोजन समिति के अनुसार, इस विशेष सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अरुण कुमार सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।
पारसनाथ राय के नेतृत्व में चला सघन जनसंपर्क अभियान
कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय के नेतृत्व में आज जखनियां विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद करते हुए पारसनाथ राय ने कहा:
”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह 12 वर्षों का कालखंड वंचितों की सेवा, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को अवसर और किसानों को सम्मान देने वाला युग रहा है। आज भारत आत्मविश्वास से भरे एक ऐसे राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है, जो अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के दौर में भी प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व ने दुनिया को स्थिरता, सहयोग और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है।
जनसंपर्क में इनकी रही प्रमुख भागीदारी
इस जनसंपर्क अभियान में स्थानीय क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और भाजपा पदाधिकारी सम्मिलित हुए। जिनमें मुख्य रूप से योगेन्द्रनाथ राय, जखनियां के पूर्व प्रधान इंद्रजीत सिंह, पी.जी. कॉलेज भुड़कुडा के प्राध्यापक डॉ. सन्तोष कुमार मिश्र, रामकेवल यादव, मोलनापुर तालगांव के ग्रामप्रधान सुभाष यादव, महामंडलेश्वर श्री बालकृष्ण यति इण्टर कॉलेज बिन्द्रावन के प्रधानाचार्य पंकज सिंह, झोटना के ग्रामप्रधान सोनू सिंह, मनीष सिंह तथा नन्दलाल शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
