समाचार भारत
अरुण कुमार, तहसील रिपोर्टर
चकिया, चंदौली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नौ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी अर्चना श्रीवास्तव ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका तिलक किया और श्रद्धापूर्वक पूजन किया। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए परिवार एवं समाज की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर गौरव श्रीवास्तव ने मां दुर्गा से नगर पंचायत चकिया सहित समस्त नगरवासियों और क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की मंगलकामना की। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य तथा प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
नवरात्रि के अवसर पर हवन-पूजन और कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। यह पर्व नारी शक्ति के सम्मान, श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। कन्या पूजन के माध्यम से देवी के स्वरूप के प्रति सम्मान एवं आस्था प्रकट की जाती है।



