Monday, June 8, 2026
Homeghazipurरेल विकास को लेकर महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की उच्च स्तरीय...

रेल विकास को लेकर महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की उच्च स्तरीय बैठक; नई ट्रेनों, अंडरपास और यात्री सुविधाओं पर हुआ मंथन


वाराणसी, 02 जून, 2026
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के विकास, यात्री सुविधाओं में विस्तार और नई रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभाकक्ष में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने क्षेत्र के 11 संसद सदस्यों एवं 14 सांसद प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन सहित मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्ष और मंडल के शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे। डीआरएम ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वाराणसी मंडल द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट सामने रखी।
सांसदों ने रखीं अपने क्षेत्रों की मांगें और महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक की अध्यक्षता करते हुए छपरा के माननीय सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि ऐसे संवादों से आने वाले सकारात्मक सुझावों का सीधा लाभ आम जनता को मिलता है। उन्होंने छपरा और छपरा कचहरी स्टेशनों पर सुविधाओं को बढ़ाने, कोरोना काल से बंद ट्रेनों का ठहराव बहाल करने तथा छपरा, सिवान व बलिया से पटना के लिए मेमू/डेमू सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव दिया।
बैठक में अन्य माननीय सांसदों ने भी अपने क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु उठाए:
श्रीमती सीमा द्विवेदी (राज्यसभा सांसद): बनारस से चलने वाली शिवगंगा और नई दिल्ली सुपरफास्ट के प्रस्थान के समय ही फर्स्ट एसी में बेडरोल उपलब्ध कराने, शटल एक्सप्रेस का कानपुर तक विस्तार करने तथा ट्रेनों व स्टेशनों पर सेनेटरी नैपकिन डिस्पेंसर मशीनें लगाने की नीति बनाने का सुझाव दिया।
श्रीमती साधना सिंह (राज्यसभा सांसद): बनारस-वाराणसी जं.-वाराणसी सिटी के बीच लोकल या रेल बस चलाने और अंडरपासों में जलजमाव की समस्या को दूर करने की मांग की।
श्री अफजल अंसारी (सांसद, गाजीपुर): गाजीपुर सिटी-मऊ नई लाइन की प्रगति की समीक्षा की, विभिन्न क्रॉसिंगों पर रेल ओवर ब्रिज (ROB) बनाने तथा स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले युसुफपुर स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में शामिल करने का प्रस्ताव रखा।
श्री रमाशंकर राजभर (सांसद, सलेमपुर): भटनी-बेल्थरा रोड रेल खंड पर अंडरपास बनाने और सलेमपुर स्टेशन पर गोदान, गोरखपुर-अहमदाबाद व बापूधाम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की।
श्री राजीव राय (सांसद, घोसी): इंदारा-दोहरीघाट और मऊ-शाहगंज रेल खंडों पर सर्विस लेन व अंडरपास बनाने तथा मऊ स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज के विस्तार का सुझाव दिया।
श्री वीरेंद्र सिंह (सांसद, चंदौली): बनारस से डिब्रूगढ़ के लिए नई ट्रेन चलाने और विभिन्न क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाने के लिए वाटर लेवल की दोबारा जांच कराने का अनुरोध किया।
श्री बाबू सिंह कुशवाहा (सांसद, जौनपुर): कोरोना काल से बंद ट्रेनों और ठहरावों को बहाल करने तथा जौनपुर सिटी स्टेशन पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल (सांसद, महराजगंज, बिहार): मांझी में घाघरा नदी किनारे रेलवे की जमीन पर ‘अटल स्मृति पार्क’ विकसित करने, एकमा स्टेशन पर नई एंट्री व टिकट काउंटर बनाने तथा छपरा से लखनऊ के लिए नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया।
श्री नीरज शेखर (राज्यसभा सांसद, बलिया): युसुफपुर में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का ठहराव देने, बलिया स्टेशन पर ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ के तहत सत्तू का स्टाल लगाने और रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ स्टील फेंसिंग लगाने की कार्ययोजना पर बात की।
डाॅ. संगीता बलवंत (राज्यसभा सांसद, गाजीपुर): जखनिया रेलवे स्टेशन पर मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस के ठहराव, प्लेटफॉर्मों के पुनर्निर्माण, शेल्टर की व्यवस्था और दिव्यांगजन सुविधाओं के विस्तार का सुझाव दिया।
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रियों और अन्य सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के स्टेशनों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव रेलवे प्रशासन के समक्ष रखे।
रेलवे की उपलब्धियां और भविष्य का रोडमैप
महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उनके सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया:
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास: वित्त वर्ष 2025-26 में 47.93 किमी. मल्टी-ट्रैकिंग (दोहरीकरण व विद्युतीकरण) का कार्य पूरा किया गया, जिसमें मऊ-पिपराडीह-दुल्लहपुर, मऊ-खुरहट और पिवकोल-लार रोड खंड शामिल हैं। छपरा-बलिया (65 किमी) और गोरखपुर-वाल्मीकिनगर (87 किमी) खंडों पर काम तेजी से चल रहा है।
सिग्नलिंग और सुरक्षा: 49.64 किमी. ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग का कार्य पूरा किया गया, जिससे अधिक ट्रेनों का संचालन संभव होगा। साथ ही 28 समपार फाटकों की इंटरलॉकिंग की गई।
नई ट्रेनें और विशेष सेवाएं: इस वर्ष छपरा-आनंद विहार अमृत भारत, बनारस-खजुराहो वंदे भारत और बनारस-सियालदह अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें शुरू की गईं। त्योहारों के दौरान रिकॉर्ड 560 फेरों के साथ विशेष ट्रेनें चलाई गईं।
अमृत भारत स्टेशन योजना: वाराणसी मंडल के 19 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें से थावे जंक्शन और सुरेमनपुर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सलेमपुर, देवरिया सदर, सिवान, मऊ, आजमगढ़, बेल्थरा रोड और भटनी का कार्य अगले छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है।
दिव्यांगजन सुविधाएं: मंडल के 203 में से 154 स्टेशनों पर दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं, और शेष पर काम जारी है।
महाप्रबंधक का आश्वासन: बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने सभी सांसदों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा और स्थानीय जनता, व्यापारियों व दैनिक यात्रियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक का कुशल संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री शुभम वर्मा ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments