Saturday, April 18, 2026
HomeBlogबरहपुर में गूंजा “जय भीम” का संदेश, बाबा साहब की जयंती पर...

बरहपुर में गूंजा “जय भीम” का संदेश, बाबा साहब की जयंती पर शिवप्रशाद सिंह ने रखा विकास का संकल्प


आबिद शमीम
नंदगंज (गाज़ीपुर), 14 अप्रैल (मंगलवार)। ग्राम सभा बरहपुर में भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भावी ग्राम प्रधान प्रत्याशी एवं समाजसेवी शिवप्रशाद सिंह ने बरहपुर के पूर्वी एवं पश्चिमी बस्ती में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा साहब के प्रसिद्ध विचार “शिक्षा शेरनी का वो दूध है, जो जितना पियेगा उतना दहाड़ेगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने केवल अधिकार ही नहीं दिए, बल्कि समाज के हर वर्ग को सम्मान से जीने का हक दिलाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां गरीब, दलित और पिछड़े सभी को समान अवसर और सम्मान मिले।
शिवप्रशाद सिंह ने गांव की वर्तमान समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज भी कई घर ऐसे हैं जहां बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह नहीं पहुंच पाई हैं। कहीं सड़क की समस्या है, तो कहीं पानी की कमी, वहीं शिक्षा और रोजगार के अवसर भी सीमित हैं।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि यदि उन्हें ग्राम प्रधान बनने का अवसर मिलता है, तो वे गांव में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होने देंगे और हर घर तक विकास पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने गरीबों, मजदूरों, किसानों और युवाओं के लिए विशेष योजनाएं लाने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि गांव की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए वे बरहपुर में समानता और विकास की नई मिसाल कायम करना चाहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी ग्रामीणों से एकजुट रहने, गांव को मजबूत बनाने और सही नेतृत्व चुनने का संकल्प लेने की अपील की। पूरे कार्यक्रम में “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments