आनन्द यादव संवाददाता
गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र स्थित मां सरस्वती पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज, महेंगवा-मरदह में डी-फार्मा के एक छात्र की रहस्यमय परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विपुल यादव (पुत्र जयप्रकाश यादव), निवासी नसीरपुर डाढ़ी, थाना मरदह, उक्त कॉलेज में अध्ययनरत था। मंगलवार दोपहर बाद वह कॉलेज की चौथी मंजिल पर गया था। बताया जा रहा है कि वह छत पर मोबाइल फोन से किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल एंबुलेंस से मऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कॉलेज के चेयरमैन विजय यादव ने बताया कि वह लखनऊ में हैं। उन्हें जानकारी मिली है कि छात्र छत पर मोबाइल से बात कर रहा था और बातचीत के दौरान ही नीचे गिर गया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं।
इधर, सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव को अपने गांव ले गए। मामले में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद ने बताया कि घटना की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गाजीपुर में डी-फार्मा छात्र की संदिग्ध मौत, चौथी मंजिल से गिरकर गई जान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!
