Friday, March 6, 2026
HomeBlogजमीन विवाद में खूनी संघर्ष: दो सगे भाइयों पर फायरिंग, बड़े भाई...

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: दो सगे भाइयों पर फायरिंग, बड़े भाई की मौत, तीन घायल

संदीप दुबे  संवाददाता
भदोही। जनपद भदोही के औराई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनपुरवा गांव में मंगलवार की सुबह जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में बांस-बल्ली गाड़ रहे दो सगे भाइयों पर 7 से 8 लोगों ने हमला कर दिया। पहले मारपीट की गई, फिर लाइसेंसी रिवाल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें बड़े भाई आशीष यादव (26) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि छोटा भाई समेत तीन अन्य का इलाज जारी है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार आशीष यादव और उसका छोटा भाई अखिलेश यादव (22) अपनी पुश्तैनी जमीन पर बांस-बल्ली लगा रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर 7 से 8 हमलावर खेत में पहुंचे और कहासुनी के बाद हमला कर दिया। मारपीट के तुरंत बाद आरोपियों ने लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें आशीष और अखिलेश को हाथ व पेट में गोली लगी। झड़प के दौरान राजनाथ (45) और नन्हेंलाल (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सरकारी एंबुलेंस से औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन आशीष यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक आशीष की पत्नी आठ माह की गर्भवती है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह विवाद पुश्तैनी जमीन में हिस्सेदारी और अवैध कब्जे को लेकर वर्ष 1994 से चला आ रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। बावजूद इसके आरोपियों ने कानून को हाथ में लेकर दिनदहाड़े फायरिंग की।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस, एसडीएम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावर पक्ष के बृजेश कुमार यादव की लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।
एसडीएम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सरकारी मदद और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बनपुरवा गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। घटना में आशीष यादव की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हैं। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments