(गाजीपुर)। नवागत क्षेत्राधिकारी भुड़कुंडा शुभम वर्मा ने रविवार सुबह औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। सीओ शुभम वर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और पूरे सर्कल में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने दो टूक कहा कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार का अपराध कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि महिलाएं और बेटियां स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें।
एससी/एसटी से जुड़े मामलों पर बोलते हुए सीओ शुभम वर्मा ने कहा कि ऐसे प्रकरणों में विशेष जांच के उपरांत ही निष्पक्ष व विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी मामले में कानून के दायरे में रहकर त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए क्षेत्राधिकारी ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई पत्रकार मौजूद रहे।
नवागत सीओ शुभम वर्मा ने भुड़कुंडा का संभाला कार्यभार, बोले—अपराध पर सख्ती से होगी कार्रवाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!
