युसूफ खान वाराणसी
- शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया क्षेत्र में हुई घटना, लम्बे समय से किराये पर रहता है दोनों का परिवार
- आयेदिन होता था विवाद, वस्त्र सुखाने का विवाद बना मौत का कारण
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया क्षेत्र में किराये पर रह रही दो महिलाओं में कपड़ा सूखाने को लेकर विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। मारपीट के दौरान दोनों महिलाएं पहले मकान की तीसरी मंजिल के बारजे पर और फिर सीधे नीचे आ गिरीं। इस हादसे में एक महिला ज्योति प्रजापति (22) की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरी महिला शमशुल बेगम उर्फ सुमन (28) गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार हटिया में राधा प्रसाद वर्मा का तीन मंजिला मकान है। इसी मकान में राजगीर मिस्त्री तेज बहादुर प्रजापति और आकाश का परिवार भी रहता है। बताते हैं कि दोनों परिवारों में किसी न किसी बात पर अक्सर विवाद होता रहता था। इसको लेकर दोनों परिवारों में रंजिश थी। तीसरे मंजिल पर रहनेवाली तेज बहादुर प्रजापति की पत्नी ज्योति प्रजापति शनिवार की दोपहर नहाने के बाद कपड़ा सुखाने गई। इसी दौरान दूसरे तल पर रहनेवाले आकाश की पत्नी शमशुल बेगम उर्फ सुमन भी कपड़ा सुखाने आ गई। इस पर ज्योति प्रजापति ने समसुल बेगम को अपने खुद के बांधे गये तार पर कपड़ा सुखाने से शमशुल बेगम को मना किया। दोनों में पुरानी रंजिश तो थी ही और अब इस मामले को लेकर विवाद के दौरान मारपीट होने लगी।
दोनों एक दूसरे को पकड़ गुत्थमगुत्था कर रही थी। तभी दोनों तीसरे मंजिल के खुले बारजे तक आ गई और संतुलन बिगड़ा तो दोनों एक साथ नीचे जमीन पर आ गिरी। यह देख अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग पहुंचे। देखा दोनों लहूलुहान पड़ी थीं। इस बीच ज्योति प्रजापति की मौत हो चुकी थी। जबकि शमशुल बेगम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतका ज्योति प्रजापति की दो साल की बेटी और दो माह की एक बेटी है। परिवार के कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि दोनों परिवार लम्बे समय से किरायेदार हैं, लेकिन विवाद की स्थिति अक्सर बनी रहती थी। आखिरकार इस रंजिश का अंत दो मासूम बच्चों की मां की मौत से हुआ।
