सीईआईआर पोर्टल से 17 लाख के 102 गुमशुदा मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
भदोही। दशहरा और दीपावली के शुभ अवसर पर
जनपदीय पुलिस ने आमजन को विशेष सौगात दी है। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 102 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 34 हजार रुपए है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस, ज्ञानपुर स्थित सभागार में एएसपी शुभम अग्रवाल ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
इस दौरान एएसपी ने बताया कि एसपी अभिनव त्यागी के निर्देशन में जनपद में गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनवरी 2026 से अब तक पुलिस कुल 914 गुमशुदा मोबाइल*श बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत एक करोड़ 55 लाख 20 हजार रुपए से अधिक है। उन्होंने बताया कि सभी थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों को सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे। शिकायत मिलते ही आईएमईआई नंबर पोर्टल पर दर्ज कर ट्रेसिबिलिटी डिटेल्स, सिम नंबर और लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण कर मोबाइल बरामद किए गए।
एएसपी ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइलों में थाना सुरियावां-25, थाना गोपीगंज-18, थाना ज्ञानपुर-13, थाना औराई-11, थाना भदोही-9, थाना
चौरी-9, थाना कोईरौना-6, थाना ऊंज-6 व थाना दुर्गागंज-5 शामिल हैं। इस प्रकार कुल-102 मोबाइल को बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि जनपदीय पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
