महिलाओं-बालिकाओं को बताया सुरक्षा का पाठ
भदोही। जनपद भदोही में मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 पूरी प्रतिबद्धता के साथ चलाया जा रहा है। सोमवार को जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और चौकियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्हें छेड़छाड़, फब्तियां कसने, उत्पीड़न एवं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और उनके बचाव व सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। टीमों ने बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी बात पुलिस से साझा कर सकती हैं। पुलिसकर्मियों ने उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पॉक्सो एक्ट, महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)* के उपयोग के बारे में भी बताया गया और जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस ने कहा कि वह महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने तथा उन्हें भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
