मां दुर्गा का दर्शन-पूजन करने के लिए पूजा पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब
भदोही। नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों में शारदीय नवरात्र और श्री दुर्गा पूजा पूरे भक्ति भाव और धूमधाम से मनाया जा रहा है। सोमवार को शारदीय नवरात्र का अंतिम दिन नवमी रहा। इस दिन सुबह से ही मां दुर्गा का दर्शन-पूजन करने के लिए आस्थावान पूजा पंडालों पर पहुंचने लगे थे। रात होते ही सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिला। समूचा नगर दुर्गामय बना रहा।
नवमी के दिन मां दुर्गा के मंत्रों और भक्ति गीतों से समूचा नगर गूंजता रहा। दिन हो या रात, नगर की सड़कों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। नगर में स्थापित हर दुर्गा पूजा पंडाल पर दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नगर सहित आस-पास के गांवों में भी बड़ी संख्या में माता रानी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडालों में मां दुर्गा के साथ-साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की बेहतरीन प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। महानवमी पर मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अराधना की गई। भक्तों ने पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगी। आधी रात तक मां भवानी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का सिलसिला जारी रहा। पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी सजे-धजे मां अंबे के दरबार में दर्शन के लिए पहुंचे। पूरा नगर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। पूजा पंडालों के आसपास मेले जैसा नजारा रहा। जहां पर सड़कों के किनारे खिलौना और अन्य सामानों की दुकान सजी रही। बच्चों संग महिलाओं ने पहुंचकर खिलौने और अन्य सामानों की खरीदारी की। नवरात्र की नवमी पर उमड़ी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से भारी मात्रा में पुलिस के जवानों की तैनाती रही। पुलिस व महिला पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। वहीं प्रभारी निरीक्षक मय हमराहियों के साथ चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा निकालकर श्रद्धालु औराई के उगापुर स्थित नहर पर पहुंचकर प्रतिमाओं को विसर्जित करेंगे।
