संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के दिए निर्देश
भदोही। शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा मेला एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सोमवार को डीएम शैलेश कुमार एवं एसपी अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सिंहपुर नहर, चकवा महावीर मंदिर के पास स्थित नहर तथा उगापुर नहर सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विसर्जन स्थलों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित हो। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर की उपलब्धता रहे, रात में भी रोशनी की कमी न हो।
बैरिकेडिंग, पीए सिस्टम और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर अधिकारियों की तैनाती हो और वे पूरी जिम्मेदारी व सतर्कता से निगरानी करें। किसी भी समस्या का तत्काल समाधान हो। एसपी ने विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे और विसर्जन स्थलों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा, दशहरा मेला एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखें। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर कराने और किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका को गंभीरता से लेते हुए निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



