उत्पल दादा विशेष संवाददाता

वाराणसी। रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में सोमवार को नवमी कन्या एवं भैरव पूजन के साथ शारदीय नवरात्र का समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के मार्गदर्शन में नवमी पूजन का आयोजन विधि-विधान से किया गया। सर्वप्रथम नौ कन्याओं का देवी स्वरूप में तथा एक बालक का भैरव स्वरूप में श्रृंगार कर उन्हें आसन पर विराजमान कराया गया। इसके बाद पीठाधीश्वर ने सभी कन्याओं और भैरव स्वरूप बालक के चरण पखारे तथा विधिवत पूजन और आरती की। पूजन के उपरांत देवी स्वरूप कन्याओं एवं भैरव बाबा को विविध पकवानों का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान ‘जय मां सर्वेश्वरी’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा आश्रम भक्तिमय हो उठा। नवरात्र पूजन के आचार्य श्री प्रकाश जी सहित सैकड़ों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए। पूजन के बाद आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बाबा कीनाराम स्थल पर कन्या पूजन के दर्शन के लिए देश-विदेश से साधक, संत-महात्मा और श्रद्धालु पहुंचे।
