समाचार भारत,ब्यूरो
हरेन्द्र प्रताप सिंह
बिजुआ खीरी। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भीरा पुलिस के निर्देश पर क्षेत्र में मां दुर्गा के पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मझौरा में मां दुर्गा के पंडाल में कैमरे लगा दिए गए हैं।
भीरा पुलिस ने नवरात्रि शुरू होने से पहले ही क्षेत्र की सभी दुर्गा जागरण कमेटियों को निर्देश दिए थे कि जागरण स्थल और पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाए। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना और किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखना है।
पुलिस के निर्देश के बाद जागरण कमेटियां सक्रिय हो गई हैं। ग्राम पंचायत मझौरा में आयोजकों ने मां दुर्गा के दरबार में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए हैं, जिससे पंडाल में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा सकेगी। इससे न केवल भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि चोरी जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सीसीटीवी लगने से श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और महिलाएं व बच्चे भी निर्भय होकर दर्शन कर सकेंगे। साथ ही पंडाल में होने वाले कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रहेगी।
भीरा पुलिस ने सभी कमेटियों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंडालों में जल्द से जल्द कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें और शासन द्वारा दिए गए सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि नवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
