रमेश प्रसाद सोनी ब्यूरो चीफ


गाजीपुर। उत्थान फाउंडेशन स्थित अवध बिहारीजी वनवासी छात्रावास के बच्चों को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। 16 अक्टूबर को छात्रावास परिसर में नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट एवं खेल प्रांगण का उद्घाटन चन्द्र किरण ट्रस्ट से जुड़ी समाजसेविका गिरिजा देवी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक विकास, अनुशासन और टीम भावना का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, अखिल भारतीय पिछड़ा दलित वनवासी संघ के अध्यक्ष मदन लाल भारती, सुरेंद्र जी, सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष गोविंद साहू, उपाध्यक्ष सुधीर सिंह, कोषाध्यक्ष बबलू जायसवाल, संगठन मंत्री हरिहर वनवासी, संतोष जी, उमेश जी, मंटू जी तथा उत्थान के प्रबंधक प्रदीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर खेल प्रांगण का शुभारंभ किया और बच्चों को मिठाइयां खिलाकर प्रोत्साहित किया।
उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए अतिथियों और छात्रावास के बच्चों के बीच बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल के मैत्रीपूर्ण मुकाबले भी आयोजित किए गए। इन खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में उत्साह, सहभागिता और खेल भावना देखने को मिली।
यह खेल प्रांगण चन्द्र किरण वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक अजय सिंह के सौजन्य से निर्मित कराया गया है। कार्यक्रम के अंत में उत्थान के संस्थापक सचिव संजीव गुप्त ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल छात्रावास के बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
