सुजीत सिंह संवाददाता
प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन, 2027 के चुनाव को लेकर भी हुई चर्चा
जखनियां (गाजीपुर)। जखनियां बाजार में भाजपा के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय पदाधिकारियों के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में काशी क्षेत्र के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर और विजय यादव का जगह-जगह माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पवर्षा से पूरा बाजार उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।
स्वागत समारोह में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा और मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को साफा पहनाकर तथा तलवार भेंट कर सम्मानित किया। शिव मंदिर से लेकर जखनियां रेलवे स्टेशन तक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने फूल-मालाओं के साथ पदाधिकारियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि जखनियां विधानसभा के लिए यह गौरव की बात है कि यहां के तीन पदाधिकारियों ने अपनी कार्यकुशलता के बल पर काशी क्षेत्र में स्थान बनाया है। इसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं के भरपूर समर्थन और सहयोग की अहम भूमिका रही है।
राजेश राजभर ने कहा कि जनता का अपार स्नेह, दुलार और आशीर्वाद ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। उनका सपना क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करना है।
वहीं, विजय यादव ने कहा कि जखनियां क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम जनता में भाजपा के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता और संगठन ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगामी 2027 के चुनाव का भी उल्लेख किया।
नवनिर्वाचित व्यापारी नेता एवं प्रांतीय मंत्री अशोक गुप्ता ने कहा कि संगठन के सर्वांगीण विकास के साथ प्रत्येक व्यापारी सदस्य के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
इस मौके पर दयाशंकर सिंह, संदीप जायसवाल, सत्येंद्र पासवान, कैलाश नाथ गौतम, उमाशंकर यादव, पीयूष सिंह, पंकज सिन्हा, शैलू सिंह, मृदुला पांडेय, जिलामंत्री दिनेश यादव,अशोक जायसवाल, दिनेश चौरसिया, प्रशांत सिंह, अरविंद चौहान, इंद्रदेव कुशवाहा, अनिल गुप्ता बबलू, गुड्डू मोदनवाल, सुरेंद्र गुप्ता, अजीत सिंह, शम्भूनाथ त्रिपाठी, राजेश जायसवाल, मोनू सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और व्यापारी मौजूद रहे।

