बसन्त कुमार गुप्ता

मीरजापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे के लगभग एक हादसा हुआ। भोरसर(अमोई) गांव के पास हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार मिथिलेश विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवा ट्रक में आग लगा दी।
बिकना गांव निवासी मिथिलेश विश्वकर्मा एनएच 135 से चुनार वीरपुर की ओर से आ रहे थे। बिकना अंडरपास के पास पहले से एक हाईवा खड़ी थी। हाईवा चालक भोरसर गांव के पास बने कट के सहारे एनएच 135 पर चढ़कर लालगंज की ओर जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार मिथिलेश लगभग 500 मीटर पहले हाईवा ट्रक की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि मिथिलेश अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पूरे घर का खर्च उसी के ऊपर था। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा है।
हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने और घटनास्थल पर ब्रेकर बनाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने अपना गुस्सा दिखाते हुए हाईवा ट्रक में आग लगा दी।
सूचना मिलने पर सीओ सदर मुनेंद्र पाल, देहात कोतवाल अमित मिश्रा, विंध्याचल थानेदार अविनाश राय सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बार-बार समझाने के बावजूद जब ग्रामीण नहीं माने, तो पुलिस ने लाठी भांजकर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
