तीन लुटेरों को पुलिस ने धर दबोचा,24 लाख रुपये बरामद, कार खराब होने का बहाना बनाकर रची थी लूट की पटकथा; चालक का भाई छह लाख लेकर फरार,
समाचार भारत ब्यूरो चीफ लक्ष्मी शरण सिंह राठौड़
फर्रुखाबाद
मोहम्मदाबाद क्षेत्र में मुनिम से हुई 30 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। वारदात की पटकथा मुनिम के कार चालक ने ही तैयार की थी। पुलिस ने चालक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 लाख रुपये और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। वहीं चालक का भाई छह लाख रुपये लेकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मंगलवार दोपहर इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने मुनिम संदीप गौतम को तमंचा दिखाकर 30 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। संदीप फिरोजाबाद की जीपी स्टील प्राइवेट लिमिटेड, नौसारा में मुनिम हैं और रुपये लेकर जा रहे थे। वह मूलरूप से मथुरा के वृंदावन के रहने वाले बताए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के रास्तों के साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की तो लूट की कड़ियां मुनिम के कार चालक तक पहुंच गईं।
जांच में सामने आया कि मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कल्होर निवासी चालक शिव कुमार ने ही लूट की योजना बनाई थी। उसने कार खराब होने का बहाना बनाकर रास्ते में गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद पहले से तैयार अपने साथियों को बुलाकर मुनिम से रुपये लुटवा दिए। पुलिस ने शिव कुमार के अलावा गांव के ही विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततेया को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक शिव कुमार के पास से 9.75 लाख, विशाल से 8.25 लाख और उमेश से छह लाख रुपये मिले। इस तरह 24 लाख रुपये बरामद हो गए। लूट में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस के हाथ लगी है। चालक का भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसके पास छह लाख रुपये होने की जानकारी मिली है।
गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी आरती सिंह ने बताया कि थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर आरोपितों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। सफल कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
