समाचार भारत, ब्यूरो
सम्भल में एक संदिग्ध मौत को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीतापुरी के मुजाहिदपुर सराय निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि 22 तारीख को पुलिस ने सूचना दी थी कि उनके पिता ब्रम्हानंद सिंह की बाइक कुरुक्षेत्र मंदिर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो मंदिर के पास तालाब में मात्र एक फीट पानी के भीतर ब्रम्हानंद सिंह का शव पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शव मिलने के बाद न तो उन्हें समय पर सूचना दी और न ही अस्पताल ले जाकर जान बचाने की कोई कोशिश की। पुलिस ने सीधे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन परिजन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का हवाला देकर रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। योगेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और यह कहते हुए मामला टाल दिया कि उनके पिता ने आत्महत्या की है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में केवल पानी में डूबने से मौत का उल्लेख है, आत्महत्या की पुष्टि कहीं नहीं की गई है। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या का जिक्र नहीं है तो पुलिस किस आधार पर इसे सुसाइड बता रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए।
