शिवशंकर जी संवाददाता
महराजगंज। भिटौली थानाक्षेत्र के परसा खुर्द गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत दीन दयाल नामक व्यक्ति 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। व्यक्ति तारों के बेहद करीब लटक गया, जिसे देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर भिटौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति पहले से बंद थी। फिर भी एहतियातन पुलिस ने भिटौली विद्युत उपकेंद्र से संपर्क कर सप्लाई पूरी तरह बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद दीन दयाल नीचे उतरने को राजी हुआ। सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि व्यक्ति शराब के नशे में था। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। कार्रवाई नहीं की गई।
