आबिद शमीम
नंदगंज (गाजीपुर)। गुरुवार दोपहर करीब चार बजे आई तेज आंधी और बारिश ने नंदगंज क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। आंधी के कारण बाजार सहित आसपास के कई इलाकों में बिजली के पोल टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। वहीं चोचकपुर रोड पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन भी प्रभावित रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आंधी के चलते दोपहर चार बजे से ही क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता बिजली संकट से जूझते रहे। कई स्थानों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे बाजार और ग्रामीण इलाकों में अंधेरा छा गया। सड़क पर पेड़ गिरने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त पोलों व तारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। जेई राघवेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग की टीम लगातार क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी रही, ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
संविदा कर्मचारियों की मेहनत बनी राहत की वजह
भीषण मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद नंदगंज पावर हाउस के संविदा कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किया। कर्मचारियों ने देर शाम तक लगातार फील्ड में रहकर टूटे तारों और लाइनों की मरम्मत की। उनकी कड़ी मेहनत और तत्परता का ही परिणाम रहा कि रात करीब 9 बजे नंदगंज बाजार की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि क्षेत्र के कुछ अन्य स्थानों पर बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने का कार्य देर रात तक जारी रहा। स्थानीय लोगों ने भी संविदा कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।
विद्युत विभाग की टीम और संविदा कर्मचारियों की तत्परता से क्षेत्र में जल्द ही शेष प्रभावित इलाकों की बिजली आपूर्ति भी बहाल होने की उम्मीद है।
तेज आंधी-बारिश से नंदगंज की बिजली व्यवस्था हुई ध्वस्त, संविदा कर्मचारियों की मेहनत से रात 9 बजे बहाल हुई आपूर्ति
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!
