समाचार भारत अरविंद गुप्ता ब्यूरो चीफ
सोनभद्र। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों को लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने म्योरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।उपजिलाधिकारी ने सबसे पहले म्योरपुर खेल मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसके बाद एसडीएम निखिल यादव ने औरहवा-कुडाडीह क्षेत्र में चिह्नित दो संभावित सभा स्थलों का निरीक्षण किया और वहां जनसभा आयोजन की संभावनाओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, थाना प्रभारी रविकांत मिश्र समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि शासन स्तर से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संभावित जनसभा स्थलों की सूची मांगी गई है, जहां मुख्यमंत्री विकास कार्यक्रमों अथवा जनसभाओं में शामिल हो सकते हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी इसे नियमित प्रक्रिया बता रहे हैं, लेकिन आगामी चुनावी गतिविधियों की संभावनाओं के बीच इस निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
