Home ghazipur मार्च में पूरा हुआ सड़क निर्माण, लेकिन अधूरा पड़ा आरसीसी कार्य बना...

मार्च में पूरा हुआ सड़क निर्माण, लेकिन अधूरा पड़ा आरसीसी कार्य बना ग्रामीणों की परेशानी का कारण।

0
14

प्यारेपुर/सादात(गाजीपुर )। सादात-मेहनाजपुर मुख्य मार्ग से जुड़ा डढ़वल से ग्राम सभा डहरमौवा स्थित बाबा गजाधर दास इंटर कॉलेज तक जाने वाला लिंक रोड क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सड़क का पिच निर्माण कार्य मार्च माह में ही पूरा कर दिया गया था, लेकिन बीच का कुछ हिस्सा आरसीसी निर्माण के लिए छोड़ दिया गया, जो आज तक अधूरा पड़ा हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि शेष कार्य जल्द पूरा करा दिया जाएगा, किंतु कई माह बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस मार्ग से डहरमौवा, बसुखारी, इकरा, कुड़वा, कटया, मखदुमपुर, गौरा सहित कई ग्राम सभाओं के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। वहीं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार अधूरे पड़े सड़क के हिस्से में बारिश का पानी जमा हो जाता है। सड़क के दोनों ओर मकान बने होने के कारण किनारे से निकलने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। ऐसे में राहगीरों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों तथा दोपहिया वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल होने से भी बाल-बाल बचते हैं।

अधूरा पड़ा सड़क का हिस्सा हल्की बारिश में ही जलभराव और कीचड़ का रूप ले लेता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बरसात के मौसम से पहले शेष आरसीसी कार्य पूरा नहीं कराया गया तो समस्या और गंभीर हो जाएगी तथा किसी बड़ी दुर्घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्र के शिव प्रकाश यादव, राजेश खरवार, विनय प्रकाश, उमेश प्रजापति, अर्जुन प्रजापति, सुभाष यादव, संतोष यादव, अरविंद यादव, पप्पू गोंड सहित अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क के अधूरे पड़े आरसीसी निर्माण कार्य को तत्काल पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here