समाचार भारत
सोनभद्र ।भीषण गर्मी के बीच जनपद सोनभद्र के म्योरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बाँसी एसआरटी में पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है। गाँव के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। गर्मी के मौसम में जब पानी की आवश्यकता सबसे अधिक होती है, उस समय गाँव का मुख्य हैंडपंप और एक आरओ प्लांट लंबे समय से खराब पड़ा है। इससे ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता और प्रधान प्रतिनिधि की अनदेखी के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए जुगाड़ और जोखिम दोनों का सहारा लेना पड़ रहा है।गाँव के खराब पड़े हैंडपंप की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। उसका मुख्य हैंडल पूरी तरह टूट चुका है। पानी निकालने के लिए ग्रामीणों ने लकड़ी के पटरे को अस्थायी हैंडल बना लिया है। इसी देसी जुगाड़ के सहारे लोग किसी तरह पानी निकाल रहे हैं। हैंडपंप चलाने में इतनी अधिक ताकत लगती है कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए पानी भरना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल योजना’ भी यहाँ दम तोड़ती नजर आ रही है। योजना के तहत मिलने वाला पानी भी कभी-कभार और बहुत कम समय के लिए ही आता है। ऐसे में लोगों के सामने बड़ा सवाल है कि आखिर वे अपनी प्यास बुझाने कहाँ जाएँ?ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गहराता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल खराब हैंडपंप और आरओ प्लांट को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।



