समाचार भारत अरविंद गुप्ता ब्यूरो चीफ
सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के लापता होने के मामले में कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के अनुसार किशोरी 29 मई को रॉबर्ट्सगंज स्थित हाइडिल मैदान में लगी प्रदर्शनी में जलपरी के रूप में कार्य करने आई थी। अगले दिन परिजनों को सूचना मिली कि युवती रात से ही लापता है। सूचना मिलते ही उसकी मां रॉबर्ट्सगंज पहुंची और विभिन्न स्थानों पर पुत्री की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि करमा थाना क्षेत्र का एक युवक किशोरी को अपने साथ ले गया है। परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि वह भी घर से गायब है। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। पीड़ित मां ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए पुत्री की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर युवती की तलाश में जुटी हुई है।
