Friday, March 6, 2026
Homeghazipurसंविधान और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा शहीद स्मारक इंटर कॉलेज...

संविधान और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा शहीद स्मारक इंटर कॉलेज का गणतंत्र दिवस समारोह


आबिद शमीम संवाददाता

नंदगंज (गाज़ीपुर)।नंदगंज स्थित शहीद स्मारक इंटर कॉलेज में 26 जनवरी को 77वाँ गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को भव्य रूप से सजाया गया, जहाँ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में राष्ट्रप्रेम की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं भव्य परेड से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकता और देशभक्ति का परिचय दिया। इसके उपरांत निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने संविधान, लोकतंत्र एवं राष्ट्रप्रेम जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज ने की, जबकि विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। छात्रों के जोश और उत्साह ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य उदय राज ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने छात्रों से जिम्मेदार, जागरूक एवं अनुशासित नागरिक बनने का आह्वान किया।
वक्ताओं की कड़ी में विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और हमें इसकी महत्ता को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। हिंदी प्रवक्ता गिरीश चौबे ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना तन-मन-धन न्योछावर कर हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया है, जिसकी रक्षा एक शिक्षित, ईमानदार, दूरदर्शी एवं निर्भीक नागरिक बनकर करनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त रविंद्र नाथ एवं कृष्णानंद ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में गणतंत्र दिवस का विशेष महत्व है, क्योंकि यह हमें संविधान निर्माण से जुड़े संघर्षों की याद दिलाता है और आपसी भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर कराने का निर्देश दिया। पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं के चेहरे उत्साह एवं प्रसन्नता से खिल उठे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन नागरिक शास्त्र प्रवक्ता गौरव प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments