Thursday, March 26, 2026
HomeBlogसेना की गाड़ी और पिकअप में भीषण टक्कर, गाजीपुर के वीर सपूत...

सेना की गाड़ी और पिकअप में भीषण टक्कर, गाजीपुर के वीर सपूत हरिकेश यादव शहीदझांसी में फायरिंग रेंज से लौटते समय हुआ हादसा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

विशेष संवाददाता
(गाजीपुर)।
गाजीपुर जिले के मनिहारी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा शाहपुर शमशेर खान के वीर सपूत हरिकेश यादव के सड़क हादसे में शहीद होने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। देश सेवा के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने जहां परिवार को गहरे दुःख में डुबो दिया है, वहीं क्षेत्र के लोगों को अपने वीर सपूत पर गर्व भी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के खैलार गांव के पास सेना के ट्रक और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि सेना का वाहन बबीना फायरिंग रेंज से अभ्यास के बाद अपनी यूनिट की ओर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से उसकी भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में सेना के जवान हरिकेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया और तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहीद होने की सूचना मिलते ही मनिहारी क्षेत्र सहित पूरे गाजीपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि हरिकेश यादव बचपन से ही साहसी और देशभक्त स्वभाव के थे। देश की सेवा करना उनका सपना था, जिसे उन्होंने सेना में भर्ती होकर पूरा किया।
वर्ष 2002 में सेना में हुए थे भर्ती
शहीद हरिकेश यादव (45) पुत्र स्वर्गीय बीरबल यादव भारतीय सेना में वर्ष 2002 में भर्ती हुए थे। उन्होंने पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ देश की सेवा की। उनका विवाह वर्ष 2003 में मधु यादव (42) से हुआ था। उनके परिवार में एक पुत्री अर्पिता और एक पुत्र हैं। उनके परिवार में माता मुखिया देवी सहित तीन भाई हैं, जिनमें हरिकेश दूसरे नंबर पर थे।
मंगलवार सुबह गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
बताया जा रहा है कि शहीद हरिकेश यादव का पार्थिव शरीर मंगलवार 10 मार्च 2026 को सुबह लगभग 7 बजे उनके पैतृक गांव शाहपुर शमशेर खान पहुंचेगा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गांव में अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जताया शोक
वीर जवान की शहादत पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। वहीं समाजवादी शिक्षक सभा के विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, अखिलेश यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गरीब राम, सत्या यादव, विनीत कुमार तथा बसपा के वरिष्ठ नेता रुदल कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है।
गांव और जिले में शोक का माहौल
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही शाहपुर शमशेर खान गांव सहित पूरे गाजीपुर जनपद में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को याद करते हुए कहा कि हरिकेश यादव का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका नाम क्षेत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इस वीर सपूत को पूरा क्षेत्र श्रद्धा और गर्व के साथ नमन कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments