शैलेन्द्र यादव संवाददाता
दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई। पेंशन निकालने के लिए बैंक जा रही वृद्धा को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी दासी देवी पत्नी स्वर्गीय विक्रम राम 7 फरवरी को दोपहर लगभग 1:30 बजे दुल्लहपुर स्थित स्टेट बैंक से पेंशन निकालने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें उपचार के लिए मऊ के एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य भरत राम ने बताया कि मृतका के पति स्वर्गीय विक्रम राम कोल डिपो में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद दासी देवी पेंशन के सहारे अपना जीवन यापन कर रही थीं। पेंशन निकालने के लिए दुल्लहपुर स्टेट बैंक जाते समय तेज रफ्तार बुलेट बाइक के धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में दुल्लहपुर थाने में तहरीर देने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष वागिश विक्रम सिंह ने कहाँ की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
तेज रफ्तार बाइक का कहर : पेंशन लेने आई वृद्धा की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Recent Comments
on Hello world!
