Monday, May 25, 2026
HomeBlogजिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार का लालगंज में औचक निरीक्षण, शिक्षा व स्वास्थ्य...

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार का लालगंज में औचक निरीक्षण, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश


सत्येन्द्र विश्वकर्मा मीरजापुर।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को लालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण में जिलाधिकारी को बताया गया कि विद्यालय में कुल 100 छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से होली पर्व के कारण कुछ छात्राएं घर गई हुई हैं और सोमवार तक वापस आ जाएंगी। जिलाधिकारी ने कक्षा 6, 7 व 8 की छात्राओं से सामाजिक विज्ञान, हिन्दी और शारीरिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से आधुनिक पद्धति से पढ़ाई कराने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के किचन का निरीक्षण कर छात्राओं को दिए जा रहे नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। निर्धारित मीनू के अनुरूप नाश्ता न मिलने पर उन्होंने वार्डन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि बच्चों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम की चाय-बिस्किट तथा रात्रि भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार ही दिया जाए। उन्होंने कुछ छात्राओं से स्वयं बातचीत कर भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा को समय-समय पर औचक निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया तथा वार्डन को भोजन की फोटो भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पास में नवनिर्मित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया और भवन के मानचित्र का अवलोकन करते हुए निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार लालगंज दीक्षा पाण्डेय भी उपस्थित रहीं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने एम्बुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों की उपस्थिति पंजिका का मिलान किया तथा औषधि भंडार और दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए कम स्टॉक वाली दवाओं की शीघ्र मांग भेजकर पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान जन्म के समय लगाए जाने वाले टीकाकरण रजिस्टर की जांच की गई, जिसमें पिछले माह 77 के सापेक्ष 73 नवजात शिशुओं का टीकाकरण दर्ज पाया गया। जिलाधिकारी ने एनबीएसयू वार्ड का निरीक्षण कर जानकारी ली कि फरवरी माह में 22 बच्चों को भर्ती किया गया था। उन्होंने वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था भी देखी।
वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर जिलाधिकारी ने अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। लैब के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं का सीबीसी टेस्ट कराते हुए उपलब्ध जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एक्सरे तथा सीबीनेट मशीन का भी निरीक्षण किया और चिकित्साधीक्षक डॉ. संजय सिंह को लिवर एवं किडनी की जांच के लिए मशीन संचालित कराने के निर्देश दिए। प्रयोगशाला में टीबी जांच की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक अंशुल हिंदल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, डॉ. योगेश द्विवेदी, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. राजेश सहित अस्पताल के समस्त चिकित्सक व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments