Friday, March 6, 2026
Homeghazipurसैदपुर में होलिका दहन के दौरान बड़ा हादसा टला

सैदपुर में होलिका दहन के दौरान बड़ा हादसा टला

गगन बरनवाल संवाददाता
सैदपुर, गाजीपुर। नगर के टाउन नेशनल मैदान में सोमवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जलती हुई होलिका पर एक युवक नशे की हालत में लकड़ी की सीढ़ी पकड़कर चढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 12 बजे विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। होलिका को सजाने के दौरान जलाने के लिए एक परित्यक्त लकड़ी की बड़ी सीढ़ी भी उसमें रखी गई थी। सीढ़ी लंबी होने के कारण उसे होलिका के किनारे खड़ा कर दिया गया था।
होलिका में आग तेज होते ही वहां आसपास घूम रहा एक नशे में धुत युवक अचानक सीढ़ी पर चढ़ने लगा। यह देख मैदान में मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए। लोगों ने शोर मचाकर उसे नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार ऊपर चढ़ता ही चला गया।
इस दौरान एक बार सीढ़ी लड़खड़ा भी गई, जिससे युवक आग में गिरने से बाल-बाल बच गया। स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए लगातार शोर मचाया और किसी तरह उसे नीचे उतरने के लिए मजबूर किया। काफी मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरा, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि युवक होलिका में गिर जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद कुछ देर तक मैदान में हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने ऐसे आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments