संवाददाता शैलेन्द्र यादव /पन्ना लाल




पूर्वांचल की सियासत में इस महारैली को एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है, अनिकेत चौहान
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के तिरक्षी मैदान पर आयोजित संकल्प महारैली ने पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। विशाल जनसमूह की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चौहान समाज अब अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर मुखर हो चुका है। महारैली में उमड़े जनसैलाब ने यह चर्चा तेज कर दी कि आने वाले चुनाव में चौहान समाज किस राजनीतिक दिशा में जाएगा।
विशाल काफिला और जगह-जगह स्वागत
महारैली में शामिल होने पहुंचे पवन चौहान का दुल्लहपुर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों का काफिला इतना बड़ा था कि नेशनल हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह तैनात रहना पड़ा।
रैली स्थल पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे, जिससे पूरा मैदान खचाखच भरा नजर आया। मंच से वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया।
“अब हमें भी चाहिए राजनीतिक हिस्सेदारी”
महारैली को संबोधित करते हुए पवन चौहान ने कहा कि 2027 में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह एकजुटता जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चौहान समाज अब बिखरा नहीं है और अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए संगठित होकर आवाज उठाएगा।
उन्होंने कहा, “अगर हमें हमारी उचित भागीदारी नहीं मिली तो समाज अपने अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने को तैयार है।”
संजय सिंह चौहान का जोरदार संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय सिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जन जनवादी पार्टी ने अपने संबोधन में कहा कि चौहान समाज आज भी पिछड़ेपन से जूझ रहा है और उसे उसकी राजनीतिक हिस्सेदारी पूरी तरह नहीं मिल पाई है।
उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर पार्टी को मजबूत करना होगा, क्योंकि बिखराव से नुकसान तय है। उन्होंने शिक्षा को समाज की उन्नति का प्रमुख आधार बताते हुए युवाओं को आगे आने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि संतोष चौहान ने भी समाज की एकता पर बल दिया। इस दौरान सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्द बेदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन चौहान को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
पूर्वांचल के कई जिलों से जुटे पदाधिकारी
महारैली के सफल आयोजन में जन जनवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय चौहान, मऊ जिला अध्यक्ष कृष्ण कांत भोला, गाजीपुर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान, आजमगढ़ जिला अध्यक्ष सुनील चौहान, राष्ट्रीय महासचिव संतराज चौहान, कोषाध्यक्ष संजय चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन चौहान, सुरेंद्र चौहान, राजकुमार चौहान, संतलाल, अजीत चौहान, राकेश चौहान, मनोहर चौहान और अनिकेत चौहान सहित कई पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में संजय सिंह चौहान ने दूर-दराज से पहुंचे लोगों का आभार प्रकट किया।
भोजपुरी गीतों से भरा जोश
महारैली में राजनीतिक भाषणों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। भोजपुरी सुपरस्टार गायकों साधना चौहान, शिवलहरी चौहान, हितेश चौहान और मनीष चौहान ने अपने जोशीले गीतों से समाज के लोगों में उत्साह भर दिया।
2027 को लेकर बढ़ी सियासी चर्चा
तिरक्षी मैदान पर उमड़ी भीड़ और जोश को देखते हुए क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि 2027 के चुनाव में चौहान समाज निर्णायक भूमिका निभा सकता है। संकल्प महारैली ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाज अब अपनी राजनीतिक पहचान और हिस्सेदारी को लेकर सजग और संगठित है।
