(गाजीपुर)। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के पीछे पार्किंग के पास काले रंग की एक स्कॉर्पियो बीते एक सप्ताह से लावारिस हालत में खड़ी होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
सूत्रों के अनुसार वाहन सुल्तानपुर जनपद से संबंधित बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुल्तानपुर पुलिस बीते 72 घंटों से उक्त लावारिस स्कॉर्पियो पर नजर बनाए हुए थी, इस उम्मीद में कि जैसे ही आरोपी वाहन लेने पहुंचेगा, उसे रंगे हाथों पकड़ लिया जाएगा। हालांकि ऐसा नहीं हो सका।
शनिवार की देर रात सुल्तानपुर से पहुंची पुलिस टीम वाहन को अपने साथ ले गई। चर्चा है कि सुल्तानपुर जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन को यहां खड़ा कर फरार हो गए थे। पुलिस ने जीपीएस लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की लोकेशन ट्रेस कर दुल्लहपुर तक पहुंच बनाई।
फिलहाल देर रात तक वाहन खड़ा करने वालों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो लावारिस हालत में खड़ी थी, जो सुल्तानपुर जनपद के एक मामले से संबंधित है। विस्तृत जानकारी सुल्तानपुर पुलिस द्वारा दी जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

