ब्रेकिंग :युसूफ खान
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (Banaras Hindu University) परिसर में शनिवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बिरला हॉस्टल के सामने फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के बाद आक्रोशित छात्र सड़क पर धरने पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों का आरोप है कि परिसर में बाहरी तत्वों की गतिविधियों की जानकारी पहले से प्रशासन को थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। फायरिंग की घटना को लेकर छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
धरने पर बैठे छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर रात तक परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी छात्रों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने में जुटे रहे।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

