दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की देर रात वाराणसी से गोरखपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में सीट को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जांच में रेलवे पुलिस जुट गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष क्रिकेट खिलाड़ी थे, जो गोरखपुर की ओर जा रहे थे। आरपीएफ थानाध्यक्ष ए. के. सिंह ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सारनाथ स्टेशन पार करने के बाद सीट को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।
सूत्रों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से अन्य साथियों को बुला लिया। रात करीब 11:37 बजे जब ट्रेन दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के एक लड़के को ट्रेन से नीचे उतार लिया और प्लेटफॉर्म पर लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आधा दर्जन युवक मिलकर एक युवक को लाठी-डंडों से मार रहे हैं। घटना से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक को उसके साथियों ने तत्काल उठाकर दोबारा ट्रेन में बैठाया और गोरखपुर लेकर चले गए, जहां उसका इलाज कराया गया।
बताया जा रहा है कि मारपीट का वीडियो ट्रेन की बोगी से ही किसी यात्री द्वारा बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शुक्रवार को रेलवे पुलिस दुल्लहपुर स्टेशन पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सीट विवाद ने लिया हिंसक रूप, इंटरसिटी एक्सप्रेस में क्रिकेट खिलाड़ियों के दो गुटों में मारपीट का वीडियो वायरल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!
