रामध्यान यादव संवाददाता
दुल्लहपुर (गाज़ीपुर)। सम्यक युवा मंच फाउंडेशन के तत्वावधान में धर्मागतपुर में ग्रामीण पत्रकार साथियों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को बैज से अलंकृत कर पुष्पहार पहनाए गए तथा सम्यक युवा मंच का वार्षिक कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक अखिलेश मौर्य ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार वास्तव में समाज के सच्चे प्रहरी हैं। वे अवैतनिक रहते हुए भी गरीब, मजदूर, वंचित और दूरदराज के गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं। जिन मुद्दों तक मुख्यधारा की बड़ी मीडिया नहीं पहुंच पाती, वहां भी ग्रामीण पत्रकार पहुंचकर जनसमस्याओं को उजागर करते हैं।
प्रधान प्रतिनिधि धर्मागतपुर एवं रामसूरत राजभर के प्रतिनिधि संजय राजभर ने कहा कि सम्यक युवा मंच द्वारा पत्रकारों का यह सम्मान अत्यंत सराहनीय पहल है। पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, जो समाज में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं और न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मानित पत्रकारों में भुवन जायसवाल, रामध्यान यादव, हरिवंश चौहान, दिनेश कुमार और प्रदीप मद्धेशिया शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार रमेश सोनी ने की। उन्होंने कहा कि यह पत्रकारों के लिए अविस्मरणीय क्षण है कि सम्यक युवा मंच ने सम्मान समारोह आयोजित कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने पत्रकार साथियों से निर्भीक और निडर होकर सत्य को समाज के सामने लाने का आह्वान किया, ताकि आमजन का भरोसा पत्रकारिता पर बना रहे।
इस अवसर पर सयुम मीडिया प्रभारी जयप्रकाश कुशवाहा, सचिव राजेश कन्नौजिया, विनोद कुशवाहा, बृजेश कुमार, अशोक चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सयुम कोषाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने किया।
धर्मागतपुर में ग्रामीण पत्रकारों का सम्मान, सम्यक युवा मंच ने बढ़ाया हौसला
Recent Comments
on Hello world!
