संदीप दुबे संवाददाता
वाराणसी।मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी चौकी के सामने स्थित नेशनल हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई। भदोही से वाराणसी की ओर जा रहे एक बाइक सवार को ओवरटेक के दौरान अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के दयापुर (भटौली) हरिहरपुर निवासी रमेश कुमार सरोज (48 वर्ष) अपनी बाइक से भदोही से वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही वह खजूरी चौकी के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंचे, सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की सहायता से तुरंत वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों पर नाराज़गी जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
खजूरी हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की हालत गंभीर
Recent Comments
on Hello world!
