वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को उसी के विद्यालय में पढ़ने वाला एक सहपाठी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी बीते दिनों सेवापुरी क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए रोजाना की तरह घर से निकली थी। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने विद्यालय जाकर छात्रा के बारे में जानकारी की।
वहां अन्य सहपाठी छात्रों ने बताया कि वह अपनी ही कक्षा के एक छात्र के साथ कहीं चली गई है। यह जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पूरी रात आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन परिजनों ने कपसेठी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना कपसेठी के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। साथ ही विद्यालय स्टाफ और सहपाठी छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने का आश्वासन दिया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से किशोरी की जल्द बरामदगी की अपील की है।
