गृहकर वसूली, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग और सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ जताया विरोध
समाचार भारत संवाददाता मुहम्मद ईशा नियाजी
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी कार्यों में इस्तेमाल, सभासदों के प्रस्तावों की अनदेखी तथा नगर में समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं होने समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 12वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर मनमाने ढंग से कार्य करने और बोर्ड के प्रस्तावों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता द्वारा सभासदों के प्रस्तावों को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से टेंडर निकाले जा रहे हैं। उनका कहना है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से नगर पालिका का कार्य कराने के बजाय निजी हितों से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे पालिका के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही नवीन गृहकर की वसूली के मामले में बोर्ड और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर वादाखिलाफी, तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने तथा सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर की समस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर सभासद लगातार 12 दिनों से पालिका परिसर में धरना दे रहे हैं।
धरनारत सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे संवैधानिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
धरने में रजनीकांत उपाध्याय, विकास जायसवाल जुगनू, राकेश प्रजापति, सचिन वर्मा, राहुल वर्मा, अंजनी गुप्ता, अरशद, शमीम अंसारी, प्रमोद यादव, शिवबचन यादव, उमराव यादव और आशीम खां सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।



