समाचार भारत/क्राइम ब्यूरो बलीकुददीन अन्सारी लखीमपुर खीरी।
गोला गोकर्णनाथ खीरी, 14 अक्टूबर। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी गोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नवप्रसूता महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा, सरकारी हेल्पलाइन नंबरों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। गोला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह के दिशा-निर्देश में महिला उपनिरीक्षक अपूर्वा शर्मा तथा महिला आरक्षी संध्या सिंह, अंजना और साधना ने कार्यक्रम में सहभागिता की। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य बताते हुए पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में नवप्रसूता महिलाओं को खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
