अमित चौबे संवाददाता


मऊ:
कम्युनिटी हॉल में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने गरिमामयी उपस्थिति के बीच ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर तिरंगे को नमन करते हुए आसमान में गुब्बारे छोड़े गए और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान को नमन किया। उन्होंने 1857 की क्रांति में मऊ जनपद के वीर सपूतों खड़क सिंह, हुलास सिंह के साथ-साथ मधुबन शहीद स्मारक और पिपरीडीह की ऐतिहासिक घटनाओं का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जनपद के वीरों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में भी देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रसारित किया गया। मंत्री जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को दोहराते हुए सभी नागरिकों से देश की प्रगति में पूर्ण निष्ठा और एकजुटता के साथ योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
