सत्येंद्र विश्वकर्मा की रिपोर्ट

मीरजापुर। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को मीरजापुर में लगभग 97.61 लाख पौधों का रोपण कर हरित अभियान को नई गति दी गई। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड पहाड़ी के ग्राम सागर सेमर में आयोजित हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, महानिदेशक पर्यटन एवं नोडल अधिकारी डॉ. वेदपति मिश्रा, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, छानबे विधायक रिंकी कोल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरिशंकरी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने स्कूली बच्चों को प्रमाणपत्र एवं निःशुल्क पौधे वितरित करते हुए कहा कि “पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन के साथ उत्तम स्वास्थ्य भी प्रदान करते हैं।” उन्होंने प्रत्येक नागरिक से एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। महानिदेशक पर्यटन एवं नोडल अधिकारी डॉ. वेदपति मिश्रा ने कहा कि प्रकाश, पानी और पेड़ों की तरह पर्यावरण भी मानव जीवन के लिए अनिवार्य है।
