भारत समाचार संवाददाता सोनू अहमद

शादियाबाद (गाजीपुर)। शादियाबाद थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। थाना प्रभारी वागीश विक्रम सिंह ने एक-एक फरियादी की शिकायत सुनकर संबंधित पुलिस व राजस्व अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, रास्ता, आपसी विवाद तथा राजस्व से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
थाना प्रभारी वागीश विक्रम सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरियादियों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
