समाचार भारत ब्यूरो चीफ
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के बीजपुर बाजार स्थित एक नई अंग्रेजी शराब दुकान से मध्य प्रदेश के बैढ़न, गोभा सहित अन्य स्थानों के लिए पिछले तीन माह से अवैध शराब तस्करी का कारोबार बेरोकटोक जारी है। सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश में शराब की कीमतें अधिक होने तथा यूपी में सस्ती मिलने के कारण थाना क्षेत्र के कुछ बेरोजगार युवा स्कूटी, बाइक और चार पहिया वाहनों से दिन में कई बार शराब तस्करी कर एमपी बॉर्डर पार करा रहे हैं। यूपी बॉर्डर से एमपी बॉर्डर की दूरी महज 5 किलोमीटर है।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व एमपी और यूपी आबकारी विभाग की सक्रियता से यह अवैध कारोबार बंद हुआ था, लेकिन पुलिस और विभागीय मिलीभगत के चलते पुनः शुरू हो गया है। ठेकेदार द्वारा प्रत्येक युवक को 500 रुपये प्रति पेटी शराब गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दिए जाते हैं। इस अवैध धंधे से युवकों को प्रतिदिन 4 से 5 हजार रुपये की कमाई हो रही है, वहीं ठेकेदार का कोटा भी खपाया जा रहा है। इससे प्रतिदिन लाखों रुपये का नियम विरुद्ध कारोबार हो रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जिलाधिकारी सोनभद्र ने आबकारी विभाग को शराब माफियाओं और तस्करी पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए थे, परंतु आदेश का असर धरातल पर नहीं दिख रहा है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी, सोनभद्र ने कहा कि इस अवैध धंधे को बंद कराने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्र में एक विशेष टीम गठित की जाएगी जो प्रतिदिन स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेगी और तस्करी पर निगरानी रखेगी।
