हैदर अली संवाददाता
दिलदारनगर (गाजीपुर)::जीआरपी पुलिस ने गहमर रेलवे स्टेशन से 31 किलोग्राम भांग बरामद की है। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह को की गई, जब भांग एक लावारिस बोरी में मिली।
उप निरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि गहमर रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच चल रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या दो के पूर्वी छोर के पास एक सफेद प्लास्टिक की बोरी संदिग्ध हालत में पड़ी मिली।
आसपास बैठे यात्रियों से बोरी के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उसे अपना नहीं बताया और न ही उसके बारे में कोई जानकारी दी। बोरी को खोलने पर उसमें भांग पाई गई।
बाजार से इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगाकर भांग का वजन किया गया, जो 31 किलोग्राम निकला। इसके मालिक की तलाश की गई, लेकिन कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद भांग को दिलदारनगर जीआरपी चौकी लाया गया और लावारिस हालत में दर्ज कर लिया गया।
