रमेश प्रसाद सोनी
गाजीपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 11 निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया है। इस निर्णय को पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फेरबदल किया गया है, जिससे जनता को त्वरित एवं प्रभावी न्याय मिल सके।
स्थानांतरण सूची के अनुसार निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक सादात के पद से हटाकर थाना भुड़कुड़ा का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक पन्ने लाल यादव को आईजीआरएस सेल/शिकायत प्रकोष्ठ/विशेष जांच प्रकोष्ठ से हटाकर प्रभारी निरीक्षक सादात की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही निरीक्षक श्याम जी यादव को थाना भुड़कुड़ा से स्थानांतरित कर आईजीआरएस सेल/शिकायत प्रकोष्ठ/विशेष जांच प्रकोष्ठ में तैनात किया गया है, जहां वे जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और विशेष जांच कार्यों को गति देंगे।
पुलिस विभाग के इस रणनीतिक फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल थानों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा, बल्कि अपराधियों पर भी प्रभावी अंकुश लग सकेगा।
जनपद में बढ़ती चुनौतियों के बीच यह बदलाव पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने का संकेत है, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल और मजबूत होगा।

