विशेष संवाददाता
जखनिया (गाजीपुर)।
जखनिया बाजार में निर्माणाधीन सड़क, पथवे और नाली को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति से अवगत कराया। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में व्यापारी नेता अशोक गुप्ता सहित अन्य व्यापारियों ने प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुभाष कुमार को जखनिया बुलाकर बाजार की सड़कों, पथवे और अधूरी नालियों का निरीक्षण कराया।
व्यापारियों ने बताया कि जखनिया बाजार में जल निकासी की गंभीर समस्या है। जब तक पूरे बाजार में नालियों का समुचित निर्माण नहीं होगा, तब तक सड़क चाहे जितनी भी मजबूत बन जाए, वह अधिक दिनों तक टिक नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ठेकेदार द्वारा जिस प्रकार से कार्य किया जा रहा है, उससे लोगों में आशंका है कि कहीं नाली निर्माण का कार्य अधूरा न रह जाए।
इस दौरान भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने सहायक अभियंता सुभाष कुमार और अवर अभियंता राजेश कुमार से स्पष्ट कहा कि बिना नाली निर्माण के जखनिया में सड़क निर्माण को पूर्ण नहीं माना जाएगा। यदि ठेकेदार कार्य में लापरवाही या आनाकानी करता है तो इसकी शिकायत उच्च स्तर तक की जाएगी।
इस पर सहायक अभियंता सुभाष कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि जखनिया में हो रहा निर्माण कार्य मानक के अनुरूप कराया जाएगा। सड़क निर्माण के साथ-साथ नाली का निर्माण भी पूर्ण कराया जाएगा, ताकि बाजार में जलभराव की समस्या न हो और इंटरलॉकिंग के साथ मजबूत सड़क तैयार हो सके।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, उमाशंकर यादव, विजय गुप्ता, प्रशांत सिंह, वरुण पांडेय, विजय मद्धेशिया, राजू वर्मा, मुकेश वर्मा, दुर्गा प्रसाद, बबलू गुप्ता, अशोक जायसवाल सहित कई व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
