आनंद कुमार संवाददाता
मरदह (गाजीपुर)। वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर मरदह थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। हालांकि दोनों हादसों में चालकों की जान बच गई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
पहली दुर्घटना डगरहा गांव के पास हुई, जहां वाराणसी से सीमेंट लादकर बोगना गांव जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सीमेंट की बोरियां सड़क किनारे बिखर गईं।
ट्रक चालक मंगला प्रसाद (निवासी मिर्जापुर, थाना सैदपुर) ने बताया कि वह वाहन को मोड़ने के लिए बैक कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ गया और ट्रक गड्ढे में जा पलटा। बाद में ट्रैक्टर की मदद से सीमेंट की बोरियां उतरवाई गईं और काफी मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला गया।
दूसरी दुर्घटना मटेहु पुलिस चौकी के पास हुई। वाराणसी से मऊ की ओर पेंट लादकर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप फोरलेन के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद पिकअप में रखे पेंट के डिब्बे फट गए और हजारों रुपये का पेंट सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे चालक अंकित कुमार (निवासी राजातालाब, वाराणसी) को बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं। चालक के अनुसार तेज गति के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया था। संयोग अच्छा रहा कि उस समय बगल से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दोनों घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर तेज रफ्तार और असावधानी को हादसों की मुख्य वजह बताया है।
वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर दो सड़क हादसे, ट्रक व पिकअप पलटी — लाखों का माल नष्ट
Recent Comments
on Hello world!
